संभल। बवाल के दूसरे दिन सोमवार को भले ही शांति रही, लेकिन बाजार और सरकारी कार्यालयों में बवाल का असर साफ दिखाई दिया। बाजार में इक्का-दुक्का को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहीं। सरकारी कार्यालयों में भी सन्नाटा पसरा रहा।
इंटरनेट बंद होने की वजह से सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप रहा। बवाल के चलते भी लोगों ने सरकारी कार्यालय पहुंचने में परहेज किया। मुख्य मार्गों पर बने होटल और ढाबे खुले रहे। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि व्यापारियाें से संवाद कर बाजार को सामान्य दिनों की तरह खोलने की अपील की है। सोमवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। इसके चलते व्यापारियों ने कम संख्या में दुकानें खोली हैं। मंगलवार से बाजार सामान्य दिनों की तरह खुलेगा।
अस्पताल की ओपीडी रही खाली, मरीज कम पहुंचे
जिला अस्पताल में सोमवार को मात्र 152 मरीजों की ओपीडी हुई। इतने कम मरीज पहली बार अस्पताल में पहुंचे हैं। कोई कोई ही मरीज अस्पताल पहुंचा। बवाल के चलते ग्रामीण इलाके के साथ ही शहरी क्षेत्र के लोग सहमें हुए हैं। इसके चलते वह दवाई लेने भी नहीं पहुंचे। जबकि इस समय बुखार का प्रकोप है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि बवाल के चलते मरीज नहीं आए। ओपीडी में चिकित्सक खाली बैठे रहे। संवाद