बेसिक स्कूलों में अमृत महोत्सव के तहत हर तिरंगा अभियान के दौरान परिषदीय विद्यालयों में छात्रों को मध्याह्न भोजन के साथ हलवा, लड्डू और खीर देने के निर्देश दिए है लेकिन इसके लिए अलग से कोई बजट जारी नहीं किया है। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व ग्राम प्रधान दुविधा हैं। उन्हें समझ नहीं आ रह है कि बिना बजट लड्डू, खीर, हलवा कहां से दिया जाए।
शिक्षक नेताओं का आरोप है कि पिछले चार साल से मिड-डे मील की कंवर्जन कास्ट भी नहीं बढ़ी है। इसके अलावा दो माह से धनराशि भी नहीं मिली है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि अलग से कोई बजट नहीं है। मिड-डे मील से ही व्यवस्था करनी होगी।
संभल जिले में 1289 परिषदीय विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में करीब 2.25 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मध्याह्न भोजन दिया जाता है। इसका मेन्यू भी निर्धारित है। छात्रों को मेन्यू के आधार पर सब्जी, रोटी, दाल, चावल, तहरी, दूध और फलों का वितरण किया जाता है। शासन से प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन के लिए कंवर्जन कास्ट निर्धारित है। शासन ने 11 अगस्त से 17 अगस्त तक विशेष सप्ताह के दौरान मध्याह्न भोजन के साथ लड्डू और हलवा देने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों का कहना है कि पिछले दो साल से कंवर्जन कास्ट नहीं बढ़ाई गई है और न ही खीर, हलवा, लड्डू के लिए अलग से कोई बजट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में मध्याह्न भोजन के साथ इनकी व्यवस्था कर पाना मुश्किल है।
कंवर्जन कास्ट शासन स्तर से पिछले दो साल से नहीं बढ़ी है वहीं पिछले दो माह से धनराशि भी नहीं मिली है। मिड-डे मील बनाने में पहले से ही महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। अब स्वतंत्रता दिवस पर सप्ताह में मध्याह्न भोजन के साथ लड्डू, खीर, हलवा की व्यवस्था शिक्षक कहां से करें। इसके लिए शासन को बजट जारी करना चाहिए था अथवा किस मद से खर्च कर करें, इसका आदेश जारी करना चाहिए था।
अंजीव कुमार, जिलाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ संभल
विशेष सप्ताह में 11 अगस्त से 17 अगस्त तक हलवा, लड्डू, खीर के लिए अलग से बजट की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। मिड-डे मील से ही प्रधानाध्यापकों को इनकी व्यवस्था करनी होगी।
- दीन दयाल शर्मा, जिला समन्वयक एमडीएम संभल