संभल। मौसम के बदलाव के चलते बुखार तेजी से फैल रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ पहुंच रही है। रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में भी बुखार के रोगियों की भरमार रही। कुछ रोगियों की मलेरिया और डेंगू की जांच की गई, हालांकि रिपोर्ट निगेटिव आई। मरीजों का इलाज शुरू किया गया।
सरायतरीन के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में रविवार को दोपहर 12.20 बजे डॉ.शिव कुमार, फार्मेसिस्ट मनोज कुमार, एलटी अरुण कश्यप, सहयोगी रामबाबू मौजूद मिले। डॉ.शिव कुमार ने बताया कि 78 मरीजों को देखा गया है। इनमें बुखार के 22 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाएं, शुगर और बीपी की समस्या से परेशान मरीज भी देखे हैं। उन्होंने बताया कि बुखार को लेकर सात मरीजों की मलेरिया और डेंगू की जांच की गई। हालांकि रिपोर्ट निगेटिव रहीं।
वहीं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी बुखार से परेशान मरीजों की संख्या काफी रही। डॉ. सारा सक्सेना ने बताया कि 57 मरीज देखे हैं। इनमें बुखार के 20 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा अन्य मरीजों को खुजली और दूसरी बीमारी है। बुखार को लेकर 5 मरीजों की मलेरिया जांच की गई। इसकी रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई।
00000000000
आरोग्य मेलों में बुखार व त्वचा रोगियों की भरमार
संभल। जनपद संभल में 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और पांच नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला लगा। इसमें 37 डॉक्टरों और 130 पैरा मेडिकल स्टाफ 3134 रोगियों का इलाज किया। इनमें 1204 पुरुषों, 1183 महिलाओं और 747 बच्चों को देखकर दवा दी गई। मेलों में बुखार और त्वचा रोगी अधिक रहे।
बुखार के 349, चर्म रोग के 514, दमा के 332, मधुमेह रोग के 104, नेत्र रोग के 59, उच्च रक्तचाप के 67 मरीज रहे। बुखार को लेकर 55 मरीजों की मलेरिया तथा 32 रोगियों की डेंगू की जांच की गई। जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। आयुष्मान भारत जन-आरोग्य योजना के अंतर्गत 135 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड तथा 219 आभा आईडी बनाए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन संबंधी परामर्श व सामग्री के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था रही। डीएम के निर्देश पर आशाओं ने सोर्स रिडक्सन एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया। मेले का सीएमओ डॉ. तरुण पाठक आदि ने निरीक्षण किया। संवाद