सरायतरीन। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव कादलपुर और नगलिया बल्लू में सोमवार की रात चोरों ने अलग-अलग दस घरों में नकब लगाया। चार घरों में जाग होने पर चोरी नहीं कर पाए। जबकि अन्य घरों से चोर नगदी, सोने-चांदी के जेवर आदि सामान चोरी करके ले गए हैं। जिसकी तहरीर पुलिस को दी गई है।
गांव कादलपुर निवासी हरिशंकर के घर चोरों ने सबसे पहले नकब लगाया। जहां से चोरों ने मोबाइल फोन चोरी किया। इसके बाद नेम पाल के घर की चारदीवारी फांदकर घुस गए। कमरे के ताले तोड़कर एक क्विंटल गेहूं और 50 किलो पीली सरसों चोरी करके ले गए। इसके बाद गांव के ही ओमकार के घर से चोरों ने सोने चांदी के जेवर और नकदी चुराई। बाद में सुरेश जाटव के घर चोरी हुई। यहां से नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले गए। वहीं, गांव नगलिया बल्लू में प्रकाश कश्यप के घर चोर घुसे। जहां से नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले गए। गांव कादलपुर में गोविंद दिवाकर, सोमवीर, सोमपाल और राम बहादुर के घर में चोर घुसे लेकिन चोरी नहीं कर पाए। थाना प्रभारी मेघ पाल ने बताया कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद