लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत
बनियाठेर।
थाना क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। पिछले दो माह से चोर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस खुलासा करने में नाकाम साबित हो रही है।
26 फरवरी की रात में अमियापुर पचाक गांव के महेंद्र कुमार स्मारक विद्यालय में चोरों ने ताले चटकाकर 50 हजार की नगदी व सोलर सिस्टम चोरी कर लिया था। इससे पूर्व 10 जनवरी की रात्रि बैटरी इनवर्टर भी चोरी हुए थे। 26 फरवरी को बेहटा साहू निवासी पिंटू सिंह परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे। उनके पीछे घर के संदूक और अलमारी के ताले तोड़कर सोने चांदी के जेवर बर्तन कपड़े आदि सामान चोरी कर लिया गया। छह मार्च की रात चंदौसी संभल रोड पर मौलागढ़ रेलवे फाटक के निकट पांच ट्यूबवेल से ढाई क्विंटन पाइप तथा मोटर मिस्त्री की दुकान से बुलेट मोटरसाइकिल के पार्ट्स चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। उक्त सभी मामले में थाने में तहरीर दी गई परंतु अभी तक चोरी की घटना का खुलासा नहीं हुआ है।