संभल। शिक्षक के मकान में किरायेदार बनकर रहने वाले आतंकी गतिविधियों में शामिल युवक के साथ दो महिलाएं भी रहती थीं। इसमें एक महिला को पत्नी और दूसरी महिला को भाभी बताता था। शिक्षक ने कई बार युवक से आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज की मांगे, लेकिन वह टालमटोल कर देता था। खुद को लखनऊ का रहने वाला बताता था। शिक्षक का कहना है कि मई से जुलाई तक युवक किराये पर रहा, लेकिन उसने अपने दस्तावेज नहीं दिए। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता है कि वह असल में कहां का निवासी था।
आतंकी गतिविधियों में शामिल युवक के पकड़े जाने के बाद से संभल में खुफिया एजेंसियों की निगरानी बढ़ गई है। संभल निवासी दो युवक और शिक्षक के किरायेदार को गिरफ्तार किया जा चुका है। संभल में तीन माह तक रहे शिक्षक के किरायेदार को लेकर ही एनआईए की टीम मंगलवार को यहां आई थी। शिक्षक और टेलर से भी इसी सिलसिले में पूछताछ की गई थी। सूत्रों के अनुसार अभी भी जांच एजेंसी संभल में शिक्षक के किरायेदार के संपर्क में रहे लोगों की कुंडली खंगालने में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मियां सराय में 2023 में मई से जुलाई तक यानी तीन महीने तक एक युवक किरायेदार बनकर शिक्षक के घर रहा था। उसके संपर्क में रहे संभल के दो युवक भी आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गए थे। इसी आधार पर यूपी एटीएस की टीम ने नवंबर 2023 को दोनों युवकों को गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच एनआईए कर रही है। गिरफ्तार दो युवकों में से एक टेलर का बेटा था। उसी ने शिक्षक के घर में आतंकी गतिविधियों में शामिल युवक को कमरा किराये पर दिलवाया था।
जानकारी यह भी कि संभल में उन लोगों की कुंडली खंगाली जा रही है जो शिक्षक के किरायेदार के संपर्क में रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। मंगलवार को शिक्षक और टेलर से पूछताछ जरूर की गई थी, क्योंकि शिक्षक ने अपना मकान आरोपी को टेलर के बेटे के कहने पर दिया था।
000000000000000
0000000000000
शिक्षक और टेलर को एनआईए ने बुलाया मुंबई
मंगलवार को करीब दो घंटे तक एनआईए की टीम ने परिषदीय स्कूल के शिक्षक और टेलर से संभल कोतवाली में पूछताछ की थी। इसमें शिक्षक से उनकी संपत्ति और बैंक रिकाॅर्ड की जानकारी मांगी गई। शिक्षक और टेलर को मुंबई कार्यालय भी बुलाया गया है। इसके लिए टीम ने दोनों को नोटिस जारी किया है। माना जा रहा है कि एनआईए की टीम आतंकी कनेक्शन के साथ फंडिंग की भी पड़ताल कर रही है।
0000000000
लंबे समय से संभल में है जांच एजेंसी का डेरा
आतंकी गतिविधियों में शामिल कई लोग संभल से पकड़े जा चुके हैं, इसी के चलते देश की बड़ी जांच एजेंसिया भी सतर्क रहती हैं। लंबे समय से देश की एक बड़ी जांच एजेंसी संभल में डेरा जमाए हुए है। इसके अलावा दिल्ली से आकर भी टीमें अलग-अलग समय पर अपनी छानबीन करती रहती हैं। अब नया आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद सतर्कता और बढ़ गई है।