कोतवाली क्षेत्र के बदायूं रोड पर सड़क किनारे पेड़ से लटककर युवक ने आत्महत्या कर ली। लोगों ने रविवार की सुबह पेड़ पर शव लटका देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उसने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
रविवार की सुबह बदायूं रोड स्थित सिंधी भट्ठे के पास एक पेड़ पर युवक का शव अंगोछे के बने फंदे पर झूल रहा था। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाया। तलाशी लेने के दौरान युवक के पास से आधार कार्ड व एक सुसाइड नोट बरामद किया गया।
आधार कार्ड के आधार पर युवक की शिनाख्त किशनपाल (37) पुत्र गुलवीर सिंह निवासी ग्राम मबई ठकुरान थाना असमोली के रूप में हुई। पुलिस ने युवक की मौत की सूचना परिजनों को दे दी। जेब से मिले सुसाइड नोट में किशनपाल ने एक महिला और उसके पति को जिम्मेदार बताया।
सुसाइड नोट को देखकर मामला प्रेम प्रसंग का कहा जा रहा है। लेकिन परिजन महिला व उसके पति को जानने से इनकार कर रहे हैं। सुबह 10.30 बजे मृतक की मां कमला देवी, भाई हृदेश कुमार, निर्दोष कुमार, रवि कुमार कोतवाली आ गए। बड़े भाई हृदेश कुमार ने बताया कि गलत आदतों के कारण किशनपाल की पत्नी छोड़कर चली गई थी।
मृतक नेे हिस्से की सारी जमीन भी बेच दी। करीब 15 वर्ष पूर्व घर छोड़कर चला गया था। बीच भी में कभी कभार घर आ जाता था। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।