बनियाठेर। थाना क्षेत्र के बेरीखेड़ा गांव में घूमने जाने के लिए माता-पिता ने रुपये नहीं दिए तो नाराज होकर युवक ने फंदा लगा कर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की तीन माह पहले ही शादी हुई है। परिवार में चीख पुकार मची हुई है। पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।
थाना क्षेत्र के बेरीखेड़ा गांव निवासी युवक की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। बताया जाता है कि युवक बाहर घूमने जाने के लिए दो-तीन दिन से माता-पिता से रुपये की मांग कर रहा था। परंतु रुपयों की व्यवस्था न होने के कारण माता-पिता टालमटोल कर रहे थे। शनिवार को तीन बजे करीब युवक नशे की हालत में घर पहुंचा और माता-पिता से फिर रुपये की मांग की। मना करने पर युवक अपने कमरे में चला गया। करीब आधा घंटा बाद जब परिजन युवक को देखने पहुंचे तो चीख निकल गई।
कमरे में खड़ी सीढ़ी पर दुपट्टे के फंदे से युवक लटका हुआ था। चीख पुकार सुन कर पास पड़ोस के लोग भी आ गए और आनन-फानन में युवक को निजी वाहन से चंदौसी के निजी अस्पताल ले गए। जहां से मना करने पर परिजन उसे मुरादाबाद लेकर पहुंचे।
मुरादाबाद के निजी अस्पताल में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात परिजन शव घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। युवक अपने माता-पिता के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी का कार्य करता है। वह अपने रिश्तेदारी में आयोजित शादी में शामिल होने गांव आया था।