बहजोई। कहीं अघोरी रूप में तांडव नृत्य करते भगवान शिव व उनके गण स्वरूप कलाकार आकर्षण का केंद्र बने। तो कहीं बाबा महाकाल की पालकी को देखने भीड़ रही थी। तो कहीं, वीर लागुरों स्वरूप कलाकारों का नृत्य देखने को आसपास के लोग जुटे रहे। मौका था श्री हनुमान जन्मोत्सव पर नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा का।
शनिवार को शाम करीब छह बजे अनाज मंडी समिति से श्री हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा की शुरुआत हुई। शोभायात्रा में माता महाकाली का अखाड़ा व राधा-कृष्ण स्वरूप कलाकारों का नृत्य दर्शकों को लुभा रहा था। इसके अलावा मेहंदीपुर वाले बालाजी समेत राम, लक्ष्मण व हनुमान जी की झांकी भी आकर्षण केंद्र रहीं। साथ ही पंजाबी कलाकार भी अनूठे करतब दिखा रहे थे। इस बीच आसपास का माहौल बजरंगमय रहा। शोभायात्रा में लोगों को प्रसाद वितरण किया जा रहा था। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा पर फूलों की वर्षा की।
शोभायात्रा इस्लामनगर चौराहा, ब्रह्मबाजार, नारायन टोला, आर्य समाज रोड, हलवाई गली, सराफा बाजार, कोतवाली रोड, नया बाजार चौक व ऊपरकोट होते हुए काली मंदिर रोड पर पहुंचकर पूरी हुई। शोभायात्रा में पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू समेत पूर्व पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र बादशाह, विकास वाष्र्णेय, मंजू दिलेर चौहान, देवेंद्र योगी, मनोज शर्मा, मनीष नाती, शोभित काका, विपिन टोनी व लालू मोबाइल आदि रहे। वहीं, कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा मय पुलिस व पीएसी के सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।