मढ़न। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मालपुर उर्फ मल्लुपुरा में शुक्रवार रात चोरों ने शाहिद हुसैन के घर दीवार फांदकर चोर घुस गए। चोरों ने घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव मालपुर उर्फ मल्लुपुरा निवासी किसान शाहिद हुसैन शुक्रवार की रात गर्मी होने के चलते परिवार के साथ बरामदे में सो रहे थे। सबसे छोटा बेटा मौसिम अपने बच्चों के साथ ससुराल इटायलामाफी में गया हुआ था। गृहस्वामी के मुताबिक, देर रात चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और तीन कमरों के ताले व खिड़की तोड़कर कमरों में रखी अलमारियों से सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी करके दीवार फांदकर चले गए।
आहट सुनकर बरामदे में सो रहे शाहिद हुसैन की आंख खुल गई और शोर मचाया। परिजनों ने जब कमरों में सामान बिखरा पड़ा देखा तो चोरी की जानकारी हुई। रात में ही चोरों की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। गृहस्वामी के मुताबिक, करीब 25 लाख रुपये का सामान चोर चोरी करके ले गए हैं।
थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि चोरी की घटना संज्ञान में है। अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।