बहजोई। बीपीएचयू की जांच करने गई टीम को बिल्डिंग पर ताला लटका मिला। इसके चलते टीम भवन की बाहरी जांच कर वापस लौट आई। वहीं टीम की ओर से कार्यदाई संस्था को पत्र जारी कर जांच के लिए अगली तिथि पर तलब किया है। बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्माणाधीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की बिल्डिंग में अनियमितता की जांच को लेकर भौतिक सत्यापन करने के लिए सीडीओ कमलेश सचान की ओर से टीम का गठन किया गया था। इसको लेकर बीपीएचयू के निर्माण में मानक व गुणवत्ता की हकीकत जानने को टीम में शामिल अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आशीष कुमार सिंह समेत परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण ज्ञान सिंह तथा सहायक अभियंता कमलकांत शर्मा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। शुक्रवार को दोपहर एएमए समेत पीडी व एई बीपीएचयू की जांच के लिए सीएचसी पहुंचे और बिल्डिंग की जांच शुरू कर दी।
बाद में यूनिट की जांच उस समय अधूरी रह गई, जबकि जांच टीम को बिल्डिंग के द्वार पर ताला लटका मिला। जांच अधिकारियों में एएमए व पीडी ने बताया कि बिल्डिंग की बाहरी जांच तो कर ली गई है, लेकिन बिल्डिंग के द्वार पर ताला मिलने के कारण अंदर बने कक्षों व हॉल आदि की जांच नहीं हो सकी। इसको लेकर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि से दूरभाष पर बात कर सोमवार को बुलाया गया है। सोमवार को कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि की मौजूदगी में बिल्डिंग के अंदर जांच पड़ताल कर आख्या अधिकारियों को सौंप दी जाएगी।