चंदौसी। सावन के तीसरे सोमवार को प्रमुख मंदिरों सहित गली मोहल्ले के शिवालयों में हर हर महादेव के जयकारों के संग श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। मंदिरों के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। सुरक्षा की दृष्टि से प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई।
सावन मास के तीसरे सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी पड़ी। प्रमुख मंदिरों पर श्रद्धालुओं ने सुबह से ही पहुंचना शुरू कर दिया। इस दौरान मंदिरों में पंक्ति में खड़े श्रद्धालु पूजा करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। वहीं, सुबह से ही प्रमुख शिव मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव पर बेलपाती, फूल, धतूरा, दूध आदि चढ़ाकर जलाभिषेक किया। शिवालयों में हर तरफ भगवान शिव के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। भोर से दोपहर तक शिवालयों में जलाभिषेक का दौर चलता रहा।
इसके साथ ही शिव भक्तों ने उपवास रखकर विधिविधान के साथ भगवान आशुतोष का पूजन-अर्चन किया और परिवार की खुशहाली की मन्नत मांगी। नगर के रतनपुर बेरनी गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर, सुभाष रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर, गोलागंज शिव मंदिर और बड़ा महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं की खासा भीड़ रही। देर शाम मंदिरों में भगवान शिव की भव्य आरती की गई।