संभल। हयातनगर में बहजोई मार्ग पर स्थित दरगाह को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रविवार को रुड़की से आई इंजीनियरों की टीम ने दरगाह के एक हिस्से में जैक लगा दिए हैं। तीन और हिस्से में जैक लगाए जाने हैं। इसके बाद जिस स्थान को चिह्नित किया गया है वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।
टीम का दावा है कि करीब एक सप्ताह का समय शिफ्ट करने में लगेगा। दरगाह को उठाने के लिए जैक लगाने से पहले गड्ढा खोदा गया है। साथ ही उस स्थान पर भी जगह बनाई जा रही है जहां दरगाह शिफ्ट की जानी है।
संभल से बहजोई मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है। इस चौड़ीकरण की जद में मस्जिद, दरगाह और मंदिर का कुछ हिस्सा शामिल है। मस्जिद और दरगाह पूरी तरह अतिक्रमण की जद में आए तो मस्जिद कमेटी ने मस्जिद को खुद ही ध्वस्त करा दिया, लेकिन दरगाह को शिफ्ट कराया जा रहा है। इसके लिए रुड़की से टीम बुलाई है। यह टीम करीब 10 लाख रुपये में दरगाह को शिफ्ट करेगी।
लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन सुनील प्रकाश ने बताया कि 20 दिन का समय दरगाह हटाने के लिए लोगों को दिया गया है। इस अवधि के बाद चौड़ीकरण की प्रक्रिया को शुरू कराया जाएगा।