चंदौसी। कब्रिस्तान के नजदीक रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। चौड़ीकरण में बाधक बन रहे रेलवे फाटक का केबिन और एक मंदिर भी पीछे होगा। रेलवे ने केबिन को पीछे करने के लिए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही केबिन हटाने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
कब्रिस्तान के नजदीक रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पालिका ने कब्रिस्तान की जद में आई सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया था, ताकि यहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा सके। अब इस भूमि पर सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। कब्रिस्तान के बराबर बिजली के खंभे लगाकर लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है। अभी चौड़ीकरण में रेलवे फाटक का केबिन और एक मंदिर बाधा है। अब केबिन को हटाने की भी प्रक्रिया रेलवे ने शुरू कर दी है।
एडीईएन संजीव सक्सेना ने बताया कि केबिन को पीछे करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, इसके बाद केबिन को पीछे कर दिया जाएगा। विनियमित क्षेत्र के जेई अमित कुमार ने बताया कि कब्रिस्तान के पास करीब 35 लाख रुपये की लागत से 50 मीटर लंबी व 21 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जा रहा। इसमें दो मीटर चौड़े फुटपाथ का निर्माण होना भी शामिल है।