चंदौसी। नगर में दो घंटे की पहली बारिश ने नाला सफाई अभियान की पोल खोल दी। मुख्य नालों से दस नालों पर खर्च किये 10.57 लाख रुपये दो घंटे की बारिश नहीं झेल पाये और नालों में बह गए। जगह जगह जलभराव रहा। दो घंटे तक सड़के पानी से भरी रही। जनजीवन प्रभावित रहा। अभी भी आधे से अधिक नालों की सफाई होनी बाकी है। बारिश के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर के समय दुकानदार सड़क से कीचड साफ करते नजर आये।
नगर पालिका परिषद में छोटे बड़े कुल 27 नाले हैं। नाला सफाई अभियान एक अप्रैल से शुरू हुआ था तथा 30 अप्रैल तक चला था। इसके बाद ईद का त्योहार होने की बात कहकर अभियान को बंद कर दिया है। इस दौरान करीब दस नाले साफ किये गए। नाला सफाई के लिए एक पोकलेन मशीन किराये पर ली गई थी तथा 58 नाला गैंग के सफाई कर्मियों को दैनिक मजदूरी पर लगाया था। 30 दिन में अभियान के दौरान करीब 10.57 लाख रुपये की धनराशि खर्च कर दी गई। सोमवार को सुबह करीब सात बजे शुरू हुई और दो घंटे झमाझम बारिश हुई। शहर के नाले दो घंटे की बारिश नहीं झेल पाये और जलभराव हो गया। बारिश से शहर के स्टेशन रोड, गोशाला रोड, संभल गेट, रामस्वरूप रोड, शक्ति नगर, आवास विकास कालोनी, घटलेश्वर गेट, गैस गोदाम रोड, सीता रोड, बिसौली गेट, फड़याई बाजार, कागजी मोहल्ला, एफआर रोड, सुभाष रोड, मुरादाबाद गेट सहित अनेक गली-मोहल्लों में दो से तीन फीट तक बारिश का पानी जमा हो गया। बारिश थमने के बाद करीब दो घंटे बाद तक गली-मोहल्लों व मैन बाजारों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। जलभराव की स्थिति होने पर लोग घरों में कैद होकर रह गए। मगर जिन्हें आवश्यक कार्य से बाहर जाना था, उन्हें सड़कों पर भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। दोपहर 12 बजे सड़कों से पानी उतरने के बाद नाले-नालियों की गंदगी सड़कों पर पसरी रही। जिससे उठने वाली दुर्गंध से आने-जाने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
-------------------
4.73 लाख दिया पोकलेन मशीन का किराया
चंदौसी। नगर पालिका सफाई अभियान के लिए पोकलेन मशीन 12 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किराये पर ली थी। इसके अलावा 100 लीटर डीजल तेल रोजाना पर तय हुई थी। पोकलेन मशीन ने 22 दिन काम किया। इस पर करीब 4.73 लाख रुपये का किराया व तेल खर्च आया। इसके अलावा अभियान के दौरान 58 नाला सफाई कर्मियों ने 30 दिन तक कार्य किया। उनकी दैनिक मजदूरी 336 रुपये रोजाना थी। कर्मचारियों की मजदूरी करीब 5.84 लाख रुपये हुई। अभियान के दौरान नाला सफाई पर 10.57 लाख रुपये खर्च किये जा चुके हैं।
मुद्दा उठने के बाद शुरू नहीं कराया नालों की सफाई का कार्य
चंदौसी। नगर पालिका परिषद ने ईद का त्योहार नजदीक आने पर दस नालों की सफाई के बाद कार्य रोक दिया था। मगर इसके बाद अभी तक अन्य की सफाई का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। जबकि पांच दिन पूर्व तहसील सभागार में विद्युत विभाग की बैठक में नालों की सफाई का मुद्दा उठाया गया था। उस समय पालिकाध्यक्ष इंदु रानी ने विद्युत विभाग की बैठक होने का हवाला देकर अपने कर्तव्य से पल्ला झाड़ लिया था। बरसात का मौसम शुरू होने वाला इसके बाद नगर पालिका प्रशासन नालों की सफाई कराने में दिलचस्पी नहीं ले रहा है। जिसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ेगा।