संभल। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यभान ने कहा कि खेतों में कड़ी मेहनत के बाद भी एमएसपी पर फसलों की खरीद न हो रही। कृषि उपयोगी चीजों की बढ़ती महंगाई, कर्ज के बोझ और रोजगार न मिलने से किसानों व मजदूरों को परेशानी हो रही है। बिजली का मूल्य बढ़ाने के साथ ही प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष टैक्स लगाए जा रहे हैं।
शहर में यशोदा चौराहे के पास प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यभान ने कहा कि संगठन की ओर से अब आंदोलन किया जाएगा। 23 मार्च को शहीद ए आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के शहीदी दिवस को साम्राज्यवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। एक अप्रैल को चार लेबर कोड वापस लेने की मांग को लेकर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी काला दिवस मनाएंगे। आंदोलन के लिए गांव कमेटियों का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आलू लाभकारी दाम पर खरीदने की व्यवस्था की जाए। सदमे में मौत के मामलों में मृतक के परिवार को 21 लाख रुपये की सहायता दी जाए। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौता रद्द किए जाने, मनरेगा कानून को बहाल करने, बिजली बिल 2025, बीज बिल 2025, किसान विरोधी कृषि मार्केटिंग की राष्ट्रीय नीति के मसौदे को वापस लेने की मांग को लेकर देशभर में किसान महापंचायत करने का आह्वान किया।