बहजोई में पति के हमले में घायल महिला रीता।
- फोटो : अमर उजाला
पति-पत्नी का रिश्ता उस समय शर्मसार हो गया, जब तांत्रिक क्रिया के शक में पति पत्नी पर चाकू से कातिलाना हमला करके भाग गया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने आनन-फानन मेें घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद बताया कि महिला की जान खतरे से बाहर है। मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार की रात करीब पौने ग्यारह बजे पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने गोलागंज निवासी 27 वर्षीय महिला रीता पत्नी दिलीप को घर के दरवाजे पर देखा। पुलिस को देखकर महिला घर में चली गई। पुलिस वाले जब घर में पहुंचे तो महिला लहूलुहान हालत में बेड पर लेटी थी।
पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेें भर्ती कराया। महिला की सास कृष्णा भी अस्पताल में पहुंच गई। कोतवाल अंजू भदौरिया ने बताया कि लेपर्ड रात में गश्त कर रही थी तो एक महिला घर के बाहर बैठी मिली थी। उसके शरीर पर से जगह-जगह खून निकल रहा था। पूछताछ में सामने आया कि पति महिला पर जादू-टोना करने का शक करता था। मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश जा रही है।