गवां। रजपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा गवां स्थित हरि बाबा जनता इंटर कॉलेज के शिक्षक संजीव गोयल सोमवार की दोपहर से लापता हैं। उनकी पत्नी संगीता गोयल ने हत्या या अपहरण किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
इसमें बताया है कि उनके पति को जुनावई थाना क्षेत्र की एक युवती ब्लैकमेल कर रही थी। कई लाख रुपये ब्लैकमेल कर वसूल चुकी है। कई दिन से फिर से दबाव बनाया गया। एक लाख रुपये की मांग की थी।
इसको लेकर पति काफी चिंतित थे और उन्होंने सोमवार को घर में 20 हजार रुपये मांगे थे। रुपये उस समय दिए नहीं और वह घर से चले गए। शिक्षक की पत्नी को आशंका है कि ब्लैकमेल करने वाली युवती ने ही कुछ किया है। हत्या या अपहरण की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।