संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बरेली सराय में बैंक शाखा से रुपये लेकर घर जा रहे रोशनलाल पुत्र परम सिंह निवासी बरेली सराय से बदमाशों ने 50 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित को इसकी जानकारी तब हुई जब रोशनलाल ने घर पहुंचकर इनकी गिनती की। जिसके बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
रोशनलाल ने बताया कि वह अपने घर का निर्माण कार्य करा रहा है। बृहस्पतिवार को लेंटर डलवाना था। इसके लिए वह संभल-बहजोई मार्ग किनारे एक बैंक शाखा से एक लाख रुपये निकालकर ला रहे थे। 500-500 के नोटों की दो गड्डियां थीं, जिन्हें जेब में रखा गया था। बरेली सराय मोहल्ले में दो बाइक सवार पीछे से आए और बाइक का पहिया शरीर से टच कर दिया। फिर चोट लगने की बात पूछते हुए हमदर्दी दिखाई और इस बीच जेब में रखी 50 हजार रुपये की गड्डी को निकाल लिया। जिसे वह ले गए। तहरीर पुलिस को दी गई है। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है।