संभल। सावन के अंतिम सोमवार को भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ मंदिरों के बाहर उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे माहौल को शिवमय कर दिया।
मंदिरों में व्यवस्थापकों के अलावा जिला-पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और पूजन व्यवस्था की तैयारियां चाक-चौबंद की हैं। एसपी विकासचंद्र त्रिपाठी ने रविवार को सादातबाड़ी शिव मंदिर पहुंचकर इन तैयारियों की समीक्षा भी की। शहर के प्रमुख ज्योतिषाचार्य पंडित शोभित शास्त्री ने बताया कि सावन के आखिरी सोमवार का विशेष महत्व होता है। सुबह 11: 54 से लेकर 12: 44 तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा।
हालांकि, पूरा दिन भी भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए शुभ माना जाता है। बताते चलें कि प्रमुख शिवालय सिद्धपीठ पातालेश्वर महादेव मंदिर सरायतरीन, सादातबाड़ी स्थित शिव मंदिर, बेरनी, झारखंडी महादेव मंदिर गुमसानी, प्रकटेश्वर महादेव मंदिर फत्तेहपुर भाऊ में भक्तों की भीड़ रहती है। यहां व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं।
इनसेट
बाजार में रही चहल-पहल, खूब बिकी पूजा सामग्री
संभल। सावन के अंतिम सोमवार के दृष्टिगत बाजार में पूजा सामग्री, शिव पूजा से जुड़ी वस्तुओं और शृंगार सामग्री की दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ बाजार में भी खरीदारी तेज हो जाती है। श्रद्धालु पूजा के लिए एक साथ सभी जरूरी सामान खरीद रहे हैं, जिसके चलते दुकानों पर विशेष सेटों की मांग बढ़ी है। दुकानदारों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पूजा सेट तैयार किए हैं। इन सेटों में कलश, धोती, पूजा सामग्री, शृंगार का सामान, भगवान गणेश के लिए रूमाल, नंदी के लिए तौलिया समेत कई अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल की गई हैं। बाजार में इन सेटों की कीमत करीब 250 से 300 रुपये तक रखी गई है। एक ही सेट में कई जरूरी सामान उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को अलग-अलग दुकानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही। संवाद