चंदौसी सीएचसी में चिकित्सक कक्ष के बाहर लगी मरीजों की लाइन - संवाद
चंदौसी। मौसम भी अपना अलग रंग दिखा रहा है। दिन में गर्मी और रात में सर्दी हो रही है। ऐसा मौसम मरीजों की तादाद बढ़ा रहा है। रविवार के बाद सोमवार को खुली सीएचसी में करीब 1200 से ज्यादा मरीजों की ओपीडी की गई। ज्यादातर मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और पेट संबंधित बीमारी के रहे। चिकित्सकों का भी कहना है कि बदलते मौसम में लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। इसलिए दवा के साथ साथ मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है।
बदलते मौसम के कारण लोग तेजी से सर्दी, खांसी, जुकाम और पेट से जुड़ी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को जब सीएचसी खुली तो मरीजों की लंबी कतार नजर आई।
सीएचसी के सीएमएस डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को 859 नए और 375 पुराने मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और पेट से संबंधित बीमारियों के रहे।
उन्होंने बताया कि नवंबर माह की शुरुआत के साथ मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी जैसी स्थिति से लोगों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है।
ऐसे में मरीजों को बताया जा रहा है कि सुबह-शाम गर्म कपड़ें पहने। गुनगुना पानी पीएं और खानपान पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि जुकाम या बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें और स्वयं दवा लेने से बचें।