बबराला। बाबूराम सिंह भाय सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में प्रांतीय आर्य महासम्मेलन के समापन सत्र में योगगुरु स्वामी रामदेव ने रोजगार, स्वदेशी, योग और लोकतंत्र पर अपने विचार रखे। उन्होंने दावा किया कि पतंजलि ने पांच लाख लोगों को रोजगार दिया है।
स्वामी रामदेव ने विपक्षी नेताओं को रोजगार सृजन करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सभी रोजगार देने लगें तो देश से बेरोजगारी खत्म हो सकती है। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति पर टिप्पणी की। स्वामी रामदेव ने कहा कि विदेशियों की भूख, आपसी फूट और भ्रष्टाचारियों की लूट ने भारत को गरीब बनाया है।
योगगुरु ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों के पास विदेश कंपनियों के मोबाइल हैं, पर भारतीय मोबाइल नहीं हैं। उन्होंने योग और वेदों की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा, हमारी मूल प्रकृति में रोग नहीं, योग है। स्वामी रामदेव ने खुद को भारत और लोकतंत्र का संन्यासी बताते हुए कहा कि वह किसी राजनीतिक सत्ता के गुलाम नहीं हैं।
यह महासम्मेलन स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान की शताब्दी के अवसर पर आयोजित हुआ। सम्मेलन में एमडीएच के चेयरमैन राजीव गुलाटी, पूर्व मंत्री डीपी यादव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के प्रधान आचार्य स्वदेश महाराज, अंतरराष्ट्रीय वैदिक प्रवक्ता सच्चिदानंद, दयाशंकर आर्य और मयंक गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे।
-
राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर कसा तंज
योगगुरु बाबा रामदेव ने राजनीतिक सवालों के जवाब में राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर रोजगार के मुद्दे को लेकर तंज कसा। वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जितना वोट कटेगा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उतना फायदा होगा।
भजन गाए और योग क्रिया का किया प्रदर्शन
यारा फर्टिलाइजर के हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल पहुंचे स्वामी रामदेव ने लोगों का अभिवादन किया। मंच से उन्होंने भजन गाए और योग क्रिया का प्रदर्शन किया। नगर पंचायत बबराला के चेयरमैन हर्षवर्धन वार्ष्णेय और पूर्व विधायक प्रदीप यादव उर्फ गुड्डू ने उन्हें गदा भेंटकर सम्मानित किया। कन्या गुरुकुल चोटीपुरा की ब्रह्मचारिणियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।