संभल। असमोली थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर डसर निवासी उजमा रानी (28) की शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराया। जिसमें फंदे पर लटकने से मौत हो जाने की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
गांव के ही युवक फैसल ने दावा किया था कि युवती से उसने 15 जनवरी को निकाह किया था और इस निकाह से उसकी पत्नी के परिजन खुश नहीं थे, इसलिए उन्होंने हत्या कर दी है। युवती का एक ऑडियो भी सामने आया है। जिसमें उसने अपने परिजनों से जान को खतरा बताया है। युवक का कहना है कि युवती से निकाह करने के बाद उसको उसके घर भेज दिया था। जब युवती के परिजनों को इस निकाह की जानकारी हुई तो वह तलाक के लिए युवती पर दबाव बना रहे थे। जब युवती ने उनकी बात नहीं मानी तो हत्या कर दी। असमोली थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत हो जाने की बात सामने आई है। इसी आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।