फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: फाटक खुला है, आज जल्दी पहुंच जाएंगे स्कूल...बोलते ही शिक्षिका ने हार्ट अटैक से दम तोड़ा

Fri, 24 Apr 2026 02:29 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
चंदाैसी (संभल)। कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव काजीवाला में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका अर्चना कुमारी (48) की बृहस्पतिवार सुबह स्कूल जाते समय हार्ट अटैक से जान चली गई। घटना के समय अर्चना की वैन चंदौसी के रेलवे फाटक से गुजर रही थी। फाटक खुला देख वह खुश होते हुए वैन चालक से बोलीं, भैया आज तो हम स्कूल जल्दी पहुंच जाएंगे, फाटक खुला मिल गया।
विज्ञापन


अर्चना के यह अल्फाज उनकी जिंदगी के आखिरी शब्द बन गए, जबकि स्कूल तक की छोटी सी यात्रा जीवन का आखिरी सफर। जल्द स्कूल पहुंचने की उम्मीद सांसों के साथ एेसी टूटी कि वह अब कभी स्कूल नहीं जा सकेंगी।

कहानी जैसी लगने वाली यह आपबीती है गाजियाबाद के वैशाली नगर की रहने वाली अर्चना कुमारी की, जिनकी सहायक अध्यापिका के पद पर साल 2020 में गांव काजीवाला के परिषदीय स्कूल में तैनाती हुई थी। उनके पति महावीर सिंह दिल्ली में निजी बैंक में कार्यरत हैं। अर्चना नौकरी के कारण चंदौसी की विकास नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही थीं। स्कूल जाने-आने के लिए वह तथा कुछ अन्य शिक्षिकाएं एक निजी वैन की मदद लेती थीं।
विज्ञापन


कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के लखनेटा निवासी वैन चालक पप्पू ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 6:30 बजे वह उन्हें स्कूल ले जा रहा था। तभी चंदौसी में कब्रिस्तान के करीब स्थित रेलवे फाटक के पास से गुजरते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में ले गए। वहां संतोषजनक जवाब न मिलने पर अन्य निजी अस्पतालों में गए। बाद में आजाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सक ने परिस्थितियों के हवाले से हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया है। पूरा घटनाक्रम बताते-बताते चालक भावुक हो गया। कहा-उनके आखिरी शब्द दिमाग से निकल नहीं रहे हैं।

शिक्षिका की मौत की जानकारी मिलते ही अन्य शिक्षक निजी अस्पताल पहुंच गए। वहां से उनके शव को मौलागढ़ स्थित बीआरसी परिसर ले गए। कुछ समय बाद वहां पहुंचे परिजन उनका शव अपने साथ ले गए। शिक्षकों ने बताया कि दो महीने पहले अर्चना का ट्यूमर का ऑपरेशन हुआ था। उन्हें हार्ट की समस्या पहले से रही हो, इस तरह की कोई जानकारी सामने नहीं आई। बृहस्पतिवार सुबह स्कूल के सफर के बीच अचानक के हार्ट अटैक में उनकी सांसें थम गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें