सरायतरीन। पवांसा ब्लॉक परिसर में स्थित सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता कार्यालय में बुधवार को पैक्स सचिव वेलफेयर सहकारी समिति यूनियन के सचिवों ने जिला कृषि अधिकारी द्वारा उर्वरक की कालाबाजारी को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने पर जमकर हंगामा किया। इसके बाद एआर कोऑपरेटिव को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान न होने तक जिले की सहकारी समिति पर उर्वरक का वितरण न करने का ऐलान किया।
पैक्स सचिव वेलफेयर सहकारी समिति यूनियन के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार ने एआर कोऑपरेटिव को दिए ज्ञापन में कहा कि जिला कृषि अधिकारी द्वारा सहकारी समिति के सचिव के खिलाफ उर्वरक की कालाबाजारी का आरोप लगाकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिससे सचिव के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। खरीफ अभियान 2026 के मात्र 17 दिन के वितरण की समीक्षा जिला कृषि अधिकारी द्वारा की गई है। अधिकांश समितियां को कारण बताओ नोटिस यह आरोप लगाते जारी किया गया है कि आपके द्वारा उर्वरक की कालाबाजारी की गई है। कहा कि किसी भी अभियान की समीक्षा उस अभियान के प्रारंभिक कुछ दिनों से नहीं की जा सकती है। ऐसी स्थिति में उर्वरक का वितरण चाहते हुए भी कृषक हित में नहीं कर सकते।
चेतावनी दी गई कि यदि जल्दी ही समस्या का समाधान नहीं होता है, तो एआर कोऑपरेटिव के कार्यालय परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान विपिन कुमार, जितेंद्र त्यागी, राहुल शर्मा, महेश पाल, संजय सिंह, गौरव, चंद्रपाल सिंह, रोबिन सिंह, वीरेंद्र सिंह, आनंदपाल सिंह, शुभम शर्मा, विजयपाल सिंह, नीरज कुमार, राजेंद्र सिंह आदि रहे। प्रकरण में सीडीओ से बातचीत करके समस्या का समाधान निकाला जाएगा। सहकारी समिति के सचिवों ने पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष भी अधिक उर्वरक की बिक्री की है।-ज्ञान प्रकाश सिंह, एआर कोऑपरेटिव, संभल।