चंदौसी। घर से सब्जी वाले की दुकान पर गई एक 14 वर्षीय किशोरी को उसी की सहेली का चाचा अपहरण कर ले गया। वह खुद को बचाने के शोर मचाती रही लेकिन रात को कोहरा एवं कड़ाके की सर्दी होने के कारण सुनसान रास्ते पर किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। रोड पर गड्ढा आ जाने के कारण बाइक रुकी तो वह उतरकर खेत की ओर भाग गई। घंटों तक वह गलन भरी सर्दी में छिपी रही और देर रात कंपकंपाते हुए घर पहुंची। किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
शहर के एक मोहल्ले के निवासी किशोरी के पिता की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार उन्होंने शुक्रवार की शाम करीब छह बजे अपनी बेटी को पास ही स्थित एक सब्जी की दुकान से धनिया मिर्च लेने के लिए भेजा था। वहीं पर उसकी सहेली का चाचा मिल गया, जिसे वह पहले से पहचानती थी। युवक ने यह कहकर किशोरी को बाइक पर बैठा लिया कि वह कुछ सामान लेने जा रहा है, बाइक पर पकड़ कर बैठ जाना। किशोरी बाइक पर बैठ गई तो वह शहर से बाहर कैथल की ओर जाने लगा। यह देख किशोरी ने उसे छोड़ देने के लिए कहा और जब वह नहीं रुका तो शोर मचाया, लेकिन कोहरा और सर्दी के साथ घना अंधेरा होने के कारण किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। आरोप है कि युवक ने चाकू दिखाकर किशोरी को शांत कर दिया।
कैथल रोड पर जाते समय सड़क में गहरा गड्ढा होने के कारण बाइक रुकी तो किशोरी खेत की ओर भागती चली गई। करीब दो घंटे तक वह खेत में छिपी रही। जब उसे यकीन हो गया कि युवक अब चला गया होगा तो वह खेत से निकल कर सधे कदमों से सड़क पर आई और कांपती हुई रात में करीब नौ बजे अपने घर पहुंची। इस दौरान परिवार के लोग उसे इधर-उधर तलाश करते रहे। घर जाकर उसने पूरी बात बताई। इसके बाद पिता ने 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया और घटना के बारे में जानकारी दी।