जारी कराया मृत्यु प्रमाण पत्र।
- फोटो : सोशल मीडिया
दो लाख रुपये के लालच में बड़े भाई ने छोटे भाई को मृत दर्शाकर उसका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया और प्रधानमंत्री ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत नामिनी बनकर दो लाख रुपये भी ले लिए। इसकी जानकारी पीड़ित को हुई तो विरोध किया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर सगे भाई और भतीजे समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर निवासी अबरार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके बड़े भाई, भतीजे और तहेरे भाई ने उसका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया और बीमे की रकम हड़क ली। पीड़ित ने बताया कि सरायतरीन स्थित एक बैंक शाखा में उसके भाई ने कुछ समय पहले खाता खुलवाया था। खाते में नामिनी उसका बड़ा भाई इसरार बना था।
उसने बताया कि इस खाते के खुलने पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ भी मिलना था, जिसके अंतर्गत यदि खाताधारक की मौत हो जाए तो नामिनी को दो लाख रुपये मिलते हैं। इसी लालच में आकर बड़े इसरार, उसके बेटे अयान और तहेरे भाई ताहिर हुसैन ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया। इसकी जानकारी बैंक को दी और बीमे के दो लाख रुपये ले लिए।
पीड़ित का कहना है कि जब इस मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया। इसी विरोध को करने पर आरोपियों ने मारपीट की। पुलिस को तहरीर दी तो कार्रवाई नहीं की गई। हयातनगर थाना प्रभारी राजेश सोलंकी ने बताया कि गांव मुजफ्फपुर निवासी इसरार हुसैन, उसके बेटे अयान और ताहिर हुसैन के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।