धनारी/चंदौसी। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर भागनगर उर्फ मनिहार नगला के पास बाइक सवार को सामने से से आ रहे अज्ञात वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान बहजोई थाना क्षेत्र के नाधौस गांव निवासी हरिओम (25) पुत्र भूशंकर के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना सोमवार की देर रात 11 बजे की है।
आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर धनारी थाना क्षेत्र के भागनगर उर्फ मनिहार नगला गांव के पास सोमवार की रात बाइक सवार को अज्ञात वाहन के चालक ने टक्कर मार दी और भाग निकला। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक युवक के कपड़ों की तलाशी लेने पर मिले आधार कार्ड पर युवक की शिनाख्त बहजोई थाना क्षेत्र के नौधस गांव निवासी हरिओम (25) के रूप में हुई। सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंचे हरिओम के पिता भूशंकर ने बताया कि उनका पुत्र एक रिश्तेदार के बेटे की शादी में शामिल होने सोमवार की शाम थाना जुनावई के भुननगला गांव गया था। रात को घर लौटते समय भागनगर गांव के समीप हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। हरिओम की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। अभी उसकी कोई संतान नहीं थी। पिता ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।