संभल। गांव पौटा में खुंखार कुत्तों का आतंक लगातार जारी है। मंगलवार को गांव निवासी लाल सिंह की भैंस पर खूंखार कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणाें ने किसी तरह बचाया। इस गांव में रविवार को नाै वर्ष की रिया गौतम को भी कुत्तों ने हमला कर मार दिया था। एसडीएम रामानुज ने खुंखार कुत्ते पकड़वाने की बात कही थी लेकिन गांव में अभी तक कुत्ते पकड़े नहीं गए हैं। मंगलवार को गांव में पशुपालन विभाग की टीम पहुंची थी। गांव के लोगों को जागरूक किया और कुछ कुत्तों को खाना खिलाया और लौट गई।
टीम लौटने के कुछ देर बाद ही खूंखार कुत्ते भैंस पर हमलावर हो गए थे। ग्रामीण लाल सिंह का कहना है कि कुछ दिन पहले भैंस के बच्चे को भी कुत्तों ने निशाना बनाया था। इसकी बाद में मौत हो गई थी। डिप्टी सीवीओ डॉ. बीबी सिंह का कहना है कि फिलहाल ग्रामीणों को जागरूक किया गया है और कुत्तों का खाना खिलाया गया है। टीम गांव जाएगी और उन कुत्तों को चिह्नित किया जाएगा। जो खूंखार हैं। उसके बाद उनको पकड़ा जाएगा। अब ग्रामीणों का कहना है कि एक बच्ची की मौत हो गई और लगातार लोगों और पशुओं पर कुत्ते हमला कर रहे हैं लेकिन जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे। जबकि गांव में लोगों में दहशत है और बच्चों को घर से नहीं निकलने दिया जा रहा है।
00000000
मेरी भैंस पर छह से सात कुत्तों ने हमला करने की कोशिश की। लोग मौके पर थेा तो उन्हें लाठी-डंडे से भगा दिया। पहले भी भैंस का बच्चा कुत्ताें ने हमलाकर घायल कर दिया था। जिसकी बाद में मौत हो गई थी। इन कुत्तों का पकड़ना जरूरी है। यह किसी बच्चे के साथ फिर घटना कर सकते हैं।
लाल सिंह, गांव पौटा।
0000000
दादी के साथ मेरी बेटी खेत पर गई थी। लौटते समय कुत्ताें ने मेरी बेटी को मार दिया। अब भी कुत्ते गांव में घूम रहे हैं। एक टीम आई थी वह हमसे ही कुत्ते पकड़कर देने के लिए कह गए हैं। हमारी बच्ची इस दुनिया से चली गई। अब किसी दूसरे बच्चे के साथ ऐसा न हो इसलिए कुत्ते पकड़े जाने चाहिए।
ममता, रिया की मां।
00000000
मैं जयपुर मजदूरी करने गया था। रविवार को घर लौट रहा था। रास्ते में ही बेटी ने फोन पर बात की थी। वह खाने के लिए चीजें लाने के लिए कह रही थी। जब घर पहुंचा तो बेटी की मौत हो गई थी। मेरी बेटी को बुरी तरह नोचकर कुत्तो ने मारा है। अभी तक कुत्ते पकड़े नहीं गए हैं। यह कुत्ते किसी दूसरे बच्चे को भी शिकार बना सकते हैं। इन कुत्ताें को पकड़वाना चाहिए।
बंटी, रिया का पिता।
00000000
गांव में टीम आई थी। कुछ देर टीम रूकी और चली गई। कुत्तों को खाना खिलाने को कहकर चली गई। जबकि गांव में दहशत का माहौल है। इसलिए यह खुंखार कुत्ते पकड़े जाने चाहिए।
ओमप्रकाश, गांव पौटा।
0000
कोट
पशुपालन विभाग की टीम को कुत्ते पकड़ने के लिए निर्देश दिए हैं। जो खुंखार कुत्ते हैं उनको पकड़वाया जाएगा। जिससे वह फिर किसी पर हमला न कर सकें।
रामानुज, एसडीएम, संभल।