चंदौसी के रेलवे प्रशिक्षण संस्थान परिसर स्थित आवास पर हेमराज पाल की पत्नी को ढांढस बंधाती मह
चंदौसी(संभल)। रामपुर जनपद के शाहबाद क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में रेलवे कर्मी हेमराज पाल की मौत की सूचना पर परिवार में चीख पुकार मच गई। वहीं दुखी परिवार को सांत्वना देने के लिए क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान चंदौसी में उनके सरकारी आवास पर महिलाओं और पुरुषों का तांता लगा हुआ है। हादसे से रेलवे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। चंदौसी के मौलागढ़ निवासी हेमराज पाल (52) रविवार की सुबह अपने बेटे अंशुल के साथ बरेली के गांव प्रोजपुर में मामी के अंतिम संस्कार में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। जनपद रामपुर के शाहबाद में मंडी के निकट पीछे से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में हेमराज की मौत हो गई। हेमराज पाल क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत थे और संस्थान में बने सरकारी आवास में परिवार के साथ रह रहे थे।
मौत की सूचना जब घर पहुंची तो चीख पुकार मच गई। घर पर मौजूद पत्नी शारदा और पुत्री बेबो रो-रोकर बदहवास हो गई। चीख पुकार मचने पर आवास पर लोगों का तांता लग गया। प्रशिक्षण संस्थान में मातम छा गया। देर शाम तक तक शव आने के इंतजार में आवास के बाहर लोगों का तांता लगा रहा। परिजनों ने बताया कि हेमराज पाल करीब 20 साल से यहां परिवार के साथ रह रहे थे। वह अपने पीछे पत्नी शारदा, बेटा अंशुल पाल, बेटी बेबो को रोता बिलखता छोड़ गए हैं।