गांव भैंसोड़ा में एक युवक को बंधक बनाकर पीटा गया। साथ ही फायरिंग भी की गई। युवक का तीन दिन पहले डीजे बजाने को लेकर आरोपियों से विवाद हो गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और थाने ले गई। पुलिस ने मौके से तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
गुरुवार सुबह 8 बजे करीब भैंसोड़ा निवासी धर्मेंद्र किसी काम से जा रहा था। अचानक दूसरे पक्ष के लोगों ने उसको पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। उसके विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने उसको घर में बंधक बना लिया। कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पिटाई की गई।
इसकी सूचना ग्रामीणों ने यूपी 100 और मढ़न चौकी पुलिस को दी। बंधक बना मारपीट की सूचना पर पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंची और युवक को आरोपियों के चंगुल से बचाया। घायल अवस्था में युवक को थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने मेडिकल कराया है।
वहीं, दूसरी मारपीट के आरोप से घिरे दूसरे पक्ष ने कहा कि युवक तमंचा लेकर उनके घर पर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। मजबूरी में उसे पकड़ा गया। दूसरी ओर पीड़ित युवक का कहना है कि सोमवार को धर्मस्थल पर डीजे बजाने को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर शांत करा दिया था।
गुरुवार को जब वह निजी काम से जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उसको पकड़ लिया और मारपीट करते हुए घर में बंधक बना लिया। उन्होंने मारपीट करते समय फायरिंग की थी। पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है।