नखासा थाना क्षेत्र के गांव विशनपुर उर्फ मोअज्जमपुर निवासी शीनू (35) का शव गेहूं के खेत में पड़ा मिला। वह 27 मार्च से लापता था। सूचना पर सीओ और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में जुटी है।
गांव बिशनपुर उर्फ मोअज्जमपुर निवासी शीनू चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह अपनी मां के साथ रहता था और लंबे समय से बीमार था। परिजनों ने बताया कि 27 मार्च को खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों को चिंता हुई तो तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चल सका। परिजनों ने सोमवार को नखासा थाने में भी शीनू के गायब होने की सूचना दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई सक्रियता नहीं दिखाई।
बृहस्पतिवार को गांव निवासी विजयपाल सिंह के खेत में हरकेश सिंह समेत कई लोग गेहूं की फसल की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान खेत में शीनू का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव देखकर गेहूं काटने वाले मजदूरों की चीख निकल गई। शव मिलने की सूचना पर परिजनों के साथ ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर सीओ असमोली कुलदीप कुमार और थाना प्रभारी नखासा गजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजनों से जानकारी की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। बराबर में कपड़े रखे थे। मौके पर शराब के दो खाली पाउच और पानी की थैली पड़ी थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव को देखकर लगता है कि दो तीन दिन पुराना है। बेटे की मौत पर मां मुन्नीदेवी का रो रो कर बुरा हाल है।
कोट
देखने से लग रहा है कि युवक की बीमारी के चलते स्वभाविक रूप से मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इसके अलावा जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके अनुरूप कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
-कुलदीप कुमार, सीओ, असमोली