जुनावई(संभल)। पहली फरवरी को गांव से नोएडा मजदूरी करने गए युवक का शव गांव के पास ही एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल के आसपास के नमूने लिए। युवक द्वारा नोएडा से आकर घर न जाकर गांव के पास ही फंदा लगाकर आत्महत्या करने की वजह परिजन भी नहीं बता पा रहे हैं।
थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव का रहने वाला दुर्गेश कुमार (19) पहली फरवरी को अपनी मां यशोदा से नोएडा में काम करने की बात कहकर गया था। वह गांव के ही कुछ लोगों के साथ रह कर नोएडा में मजदूरी कर रहा था। 17 दिन बाद मंगलवार की सुबह जब गांव के ही रहने वाले नीरज कुमार अपने खेत की सिंचाई करने पहुंचे तो किसान कर्रू के गेहूं के खेत में खड़े नीम के पेड़ पर शव लटका हुआ देखा। उन्होंने पास में जाकर देखा तो पता चला कि पेड़ से लटक रहा शव गांव के ही रहने वाले युवक दुर्गेश कुमार का था।
गांव में जाकर सूचना दी तो मृतक की मां व अन्य परिवारी जनों के साथ गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यहां फाेरेंसिक टीम ने घटना स्थल के नमूने लिए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया मृतक नोएडा जाने की कहकर घर से गया था। मृतक की जेब में नरौरा से बैरपुर तक का 16 फरवरी शाम 6:16 बजे का टिकट निकला है। घटना की जांच की जा रही है।