बहजोई। थाना क्षेत्र के गांव कैसोपुर रसेटा के रहने वाले सत्यपाल (45) का शव तीसरे दिन घर से सौ मीटर की दूरी पर तालाब में उतराता मिला। परिजन किसी प्रकार की रंजिश से इन्कार कर रहे हैं। परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना बहजोई के हल्का दरोगा देवेंद्र सिंह ने बताया कि गांव कैसोपुर रसेटा के रहने वाले राहुल ने सात मई को अपने पिता सत्यपाल के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसमें बेटे राहुल ने पुलिस को बताया कि उसके पिता सत्यपाल सात मई की रात आठ बजे करीब खाना खाकर घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका। रविवार की सुबह घर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब में सत्यपाल का शव उतराता मिला। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। संवाद