चंदौसी(संभल)। सीएचसी आ रही एंबुलेंस में किलकारी गूंजी। एंबुलेंस से सीएचसी आ रही गर्भवती को तेज प्रसव पीड़ा होने पर ईएमटी और आशा ने एंबुलेंस में ही महिला का प्रसव कराया। महिला ने बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को सुरक्षित सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों स्वस्थ हैं।
ब्लॉक बनियाखेड़ा गांव कुंदनपुर के रहने वाले चरन सिंह की गर्भवती पत्नी मोहिनी को सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे करीब तेज प्रसव पीड़ा हुई। परिवार की महिलाएं उसे एंबुलेंस से सीएचसी चंदौसी ला रही थीं। गांव आटा के पास महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई। इसके बाद एंबुलेंस को साइड में लगाकर ईएमटी निशात कमाल और आशा ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने पुत्र को जन्म दिया। मां और बच्चा को सुरक्षित अस्पताल में भर्ती कराया। ईएमटी निशात ने बताया कि यह महिला के साथ एंबुलेंस में उनके साथ आशा अंजला और पायलट अमरपाल थे। संवाद