संभल। संभल जिले में अब तक कोरोना से प्रभावित देशों से छह लोग आए हैं। जिसमें चीन से आए दो लोग निगरानी की अवधि से बाहर हो गए हैं। ईरान और थाईलैंड से आए दो-दो लोग अभी नियमित निगरानी में हैं। कोरोना वायरस से निपटने के लिए बनाई गई टीम इन लोगों के घर नियमित रूप से जा रही है।
कोरोना प्रभावित देशों से आने वाले लोगों की सूची नियमित रूप से भारत सरकार से राज्य सरकार को प्राप्त हो रही है। राज्य सरकार उन जनपदों को सूची दे रही है। जिन जनपदों में लोग आ रहे हैं। संभल जिले में सबसे पहले दो लोग चीन से आए थे। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी 28 दिन तक निगरानी की। लेकिन कोरोना का कोई लक्षण नहीं निकला। इसके बाद दो लोग ईरान से आए। इसमें एक सिरसी और दूसरा असमोली क्षेत्र का निवासी था। दोनों अभी निगरानी में हैं। जबकि अब नौ मार्च को संभल नगर में दो युवक आए जो थाईलैंड घूमने गए थे। इन दोनों युवकों में कोरोना के लक्षण नहीं हैं। लेकिन फिर भी एहतियाती तौर पर सतर्कता बरती जा रही है। सीएमओ डा. अमिता सिंह ने दोनों युवकों के घर कोरोना से निपटने के लिए बनाई गई स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजा है। तीन दिन से दोनों युवकों की निगरानी हो रही है। चिकित्सकों ने दोनों युवकों से कहा है कि वे घर से कम से कम निकलें। भीड़ वाले इलाकों में न जाएं। यह एहतियात 28 दिन तक रहेगी।