धनारी (रामपुर)। गांव मझोला फतेहपुर और उधरनपुर अजमतनगर के बीच बृहस्पतिवार की शाम अनियंत्रित टेंपो पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में होली पर दिल्ली से घर आ रहे गांव आर्थल निवासी सोमवीर के तीन साल के बेटे सचिन की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव आर्थल निवासी सोमवीर और उसका भाई पप्पू परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। बृहस्पतिवार को सोमवीर पत्नी अतर कली, बेटी कविता, सत्तो और बेटे अंकित व सचिन के साथ होली मनाने के लिए कार से घर आ रहा था। साथ में उसका बड़ा भाई पप्पू और उसका बेटा प्रदीप भी थे।
रास्ते में दोनों भाई परिवार सहित बदायूं जनपद के थाना जरीफनगर के गांव कादराबाद देवी मंदिर पर दर्शन के लिए रुके। वहां से लौटते समय जुनावई से निकलते ही उनकी कार खराब हो गई। जिसके बाद उन्होंने गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव केल निवासी दिलीप का टेंपो घर जाने के लिए किराये पर लिया था। धनारी क्षेत्र के आगरा- मुरादाबाद हाईवे पर गांव मझोला फतेहपुर और उधरनपुर अजमतनगर के बीच टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में टेंपो चालक समेत सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को बहजोई सीएचसी लेकर पहुंची। जहां पर डॉक्टरों ने सचिन को मृतक घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।