जुनावई क्षेत्र के गांव रतीपुरधीर में सड़क निर्माण में फर्जीवाड़ा कर ग्रामनिधि का पैसा हड़पने वाले तकनीकी सहायक इंद्रेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सितंबर माह में डीएम के आदेश पर पंचायत सचित, ग्राम प्रधान और तकनीकी सहायक के खिलाफ 1.69 लाख रुपये गबन करने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। तभी से तीनों फरार चल रहे थे।
परिषदीय विद्यालय में विकास कार्य न कराने के मामले में बीडीओ ने ग्राम पंचायत श्योराजपुर के ग्राम प्रधान करन सिंह और सचिव अनिल कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बीडीओ प्रेमचंद्र ने बताया कि ग्राम प्रधान व सचिव की ओर से ग्राम पंचायत के परिषदीय विद्यालय की कक्षाओं में टाइल्स लगाने का काम पूरा नहीं कराया है।
वहीं दिव्यांग शोचालय भी नहीं बनवाया गया है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा गांव की अस्थाई गोशाला में भी टीनशेड, चाहरदीवारी, भूसाघर व मुख्यद्वार का निर्माण नहीं कराया गया है। इससे सर्दी के मौसम में गोवंश को परेशानी हो रही है।
बीडीओ ने बताया कि सप्ताह भर में नोटिस का जवाब न मिलने पर पंचायती राज अधिनियम समेत पशु क्रूरता अतिचार अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को आख्या भेज दी जाएगी।