चंदौसी। पॉलिटेक्निक चलो अभियान को गति देने के लिए सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौसी के शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी से उनके आवास पर मिला। इस दौरान शिक्षकों ने अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की और प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में व्यापक स्तर पर इसके प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिक्षकों ने बताया कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ रही है, लेकिन जागरूकता के अभाव में बड़ी संख्या में छात्र पॉलिटेक्निक जैसे संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में पॉलिटेक्निक चलो अभियान के माध्यम से छात्रों को तकनीकी शिक्षा के महत्व, रोजगार के अवसरों और कौशल विकास से जुड़ी जानकारी देना बेहद जरूरी है।
इस दौरान शिक्षकों ने राज्यमंत्री से अपील की कि विद्यालय स्तर पर इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों और छात्रों के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार और काउंसलिंग सत्र आयोजित कराए जाएं। साथ ही, स्कूलों में पोस्टर, पंपलेट और अन्य माध्यमों से भी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र इस योजना से लाभान्वित हो सकें।
इस पर राज्यमंत्री गुलाब देवी ने शिक्षकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि माध्यमिक विद्यालयों में इस अभियान का प्रभावी प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
राजकीय पॉलिटेक्निक की एचओडी केमिकल वरश्री गंगवार ने बताया कि अभियान के तहत टीम लगातार विद्यालयों में जाकर छात्रों को पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस अभियान को प्रशासनिक स्तर पर सहयोग मिलता है, तो निश्चित ही अधिक संख्या में छात्र तकनीकी शिक्षा की ओर अग्रसर होंगे और अपने भविष्य को मजबूत बना सकेंगे। इस अवसर पर हितेच्छू चंद्रा, चेतन प्रसाद सिंह, प्रशांत यादव, निलय यादव आदि मौजूद रहे।