विद्यालय आने वाले बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए चलाई जा रही मिड-डे मील योजना पर शिक्षकों की नजर है। रजिस्टर में स्कूल में उपस्थित बच्चों की संख्या बढ़ाकर खाद्यान्न व कंवर्जन कास्ट को डकार रहे हैं। ऐसा ही मामला बृहस्पतिवार को बनियाखेड़ा ब्लॉक के गांव बलकरनपुर में ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने पकड़ा। ग्रामीणों को प्राथमिक विद्यालय बलकरनपुर में 37 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि मिड-डे मील के रजिस्टर में 85 बच्चों की उपस्थिति दर्ज कर रखी थी। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र लिखकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
बनियाखेड़ा ब्लॉक के गांव बलकरनपुर में प्राथमिक विद्यालय है। इंचार्ज अध्यापिका बबीता गौतम हैं। बार-बार अभिभावकों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीण विद्यालय पहुंचे। वहां उन्हें इंचार्ज अध्यापिका मिलीं। ग्रामीणों ने उपस्थित बच्चों की संख्या के बारे में पूछा, तो बताया कि 40 बच्चे उपस्थित हैं। कक्षा में जाकर उपस्थित बच्चों की संख्या की गिनती की, तो 37 बच्चे मिले। इसके बाद मिड-डे मिल का रजिस्टर खोलकर देखा, तो उसमें 85 बच्चों की उपस्थिति अंकित मिली।
आरोप है कि रोजाना बच्चों की संख्या अधिक दर्ज कराई जाती है। अभिभावकों व ग्रामीणों ने इंचार्ज अध्यापिका पर मिड-डे मील में धांधली कर रुपये निकालने का आरोप लगाया है। इस मामले में ग्राम प्रधान आदेश कुमारी, ग्रामीण समरपाल, वीर सिंह, कैलाश, वसीम, केपी सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कराने व उचित कार्रवाई की मांग की है।
मैडम ने बृहस्पतिवार को डेढ़ किलो अरहर की दाल मंगाई थी। उसमें से भी थोड़ी दाल बचा ली गई है और दो से ढाई किलो आटे की रोटी बनाई गई हैं। हमें खाना बनाने को जो भी सामान, जितनी मात्रा में दिया जाता है। उसका हम खाना बनाते हैं।
वीरकली रसोइया, प्राथमिक विद्यालय बलकरनपुर
आज बैठक होने के कारण मुझे जल्दी जाना था। इसलिए विद्यालय में उपस्थित दूसरी अध्यापिका नम्रता सिंह ने कक्षा दो और चार के छात्रों की संख्या दर्ज की और मैंने कक्षा एक, दो व पांच के छात्र-छात्राओं की संख्या दर्ज की। जल्दी-जल्दी में संख्या का जोड़ गलत हो गया होगा।
बबीता गौतम , इंचार्ज अध्यापिका प्राथमिक विद्यालय बलकरनपुर
आपके माध्यम से मुझे जानकारी मिली है। जो ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने शिकायत की है। उसकी जांच कराकर दोषी इंचार्ज अध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दीनदयाल शर्मा, डीसी एमडीएम संभल