कुढ़फतेहगढ़(संभल)। एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक पर छात्राओं ने छड़ी से पीटने का आरोप लगा है। शिक्षक की मारपीट से घायल हुई कुछ छात्राओं को अभिभावक प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी में ले गए। इस बीच अभिभावकों की शिक्षक से भी कहासुनी हो गई। छात्राओं ने बताया कि सहायक अध्यापक स्कूल में शराब पीकर आते हैं और तंबाकू का सेवन करते हैं। बता दे कि पहले भी शिक्षक इस मामले में निलंबित हो चुके हैं।
मंगलवार को गांव बेरनी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हंगामा खड़ा हो गया। स्कूल की सात से आठ छात्राओं ने अपने ही सहायक अध्यापक पर डंडी से बुरी तरह पीटने का आरोप लगाया। जानकारी मिलने पर अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए और उनकी सहायक अध्यापक से कहासुनी हो गई। इस बीच छात्राओं ने अभिभावकों को बताया कि सहायक अध्यापक शराब पीकर स्कूल आते हैं और तंबाकू का सेवन करते हैं। इस बीच किसी ने मामले की वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बाद कुछ अभिभावक छात्राओं को पास की ही पीएचसी पर उपचार के लिए ले गए। बता दें कि दो माह पहले ही शिक्षक को गांव फैजुल्लापुर के विद्यालय से भी छात्राओं की शिकायत पर सस्पेंड किया गया था और एक सप्ताह पहले ही बहाल होने पर 19 अगस्त को बेरनी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में उन्हें तैनात किया गया है। ब्लॉक बनियाखेड़ा के बीईओ विनोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और सहायक अध्यापक की शिकायत बीएसए से कर दी है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-
सहायक अध्यापक अटेंडेंस के लिए बच्चों को बुला रहे थे लेकिन बच्चे नहीं आ रहे थे। इससे उन्होंने छड़ी से छात्राओं को पीटा। ज्यादा जोर से छड़ी लगने से छात्राओं के पैरों पर निशान भी पड़ गए हैं। वहीं छात्राओं ने सहायक अध्यापक पर विद्यालय में गुटखा खाने का आरोप लगाया है। जो सही है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
स्वपिल गुप्ता, इंचार्ज अध्यापिका, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गांव बेरनी