बहजोई। कलक्ट्रेट के सामने निजी नर्सिंग होम में जच्चा-बच्चा की मौत की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। विभाग ने नगर व ग्रामीण अंचलों में निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों की चेकिंग के लिए अभियान चलाकर ताबड़तोड़ छापे मारे। विभाग की ओर से कई अस्पताल संचालकों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही 12 अस्पतालों के संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
सोमवार को जिला प्रशासन की सख्ती के बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया और सीएमओ के आदेश पर जिले भर के चिकित्साधीक्षकों की ओर से नगर व ग्रामीण अंचलों में संचालित निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों में पहुंचकर चेकिंग की गई। सीएमओ डा. पंकज कुमार विश्नोई ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले भर में निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों में चेकिंग के लिए सभी चिकित्साधीक्षकों को लगाया गया। इसको लेकर चिकित्साधीक्षकों की ओर से अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग की गई। सीएमओ ने बताया कि इसमें 12 निजी अस्पतालों के संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए संबंधित थानों में तहरीर दी जा रही है। साथ ही 50 संचालकों के खिलाफ नोटिस जारी कर अभिलेख तलब किए गए हैं।