चंदौसी। दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.20 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला सराय खाम निवासी शहवान जुबेरी ने बताया कि आरोपी ताजीम खान ने दुबई में वेयरहाउस ऑपरेटर की नौकरी और 37,500 रुपये मासिक वेतन का झांसा देकर उससे 1.20 लाख रुपये लिए और पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया। एक दिसंबर 2025 को दुबई पहुंचने पर पता चला कि वीजा फर्जी था और नौकरी भी नहीं थी। आरोप है कि वहां उससे मजदूरी कराई गई और सात मई 2026 को वह किसी तरह भारत लौट सका।
भारत लौटने पर रुपये मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने अदालत की शरण ली। कोतवाल संत कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर ताजीम खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।