चंदौसी। माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी गर्मियों की छुट्टियों में अपने समय का सदुपयोग कर सकें। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने उन्हें घर बैठे अपने शैक्षिक विषयों के अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध करा दी है। विभाग की वेबसाइट पर हर विषय का पाठ्यक्रम उपलब्ध है। छात्र-छात्राएं दीक्षा एप की मदद से अब घर बैठे अपनी पढ़ाई कर सकते हैं।
जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के 17 राजकीय, 37 सहायता प्राप्त व 237 वित्तपोषित विद्यालय हैं। इन विद्यालयों की गर्मियों की छुट्टियों में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने विद्यार्थियों को घर बैठे अपनी पढ़ाई जारी रखने की सुविधा उपलब्ध करा दी है। डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी विषयों की पुस्तकें अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी हैं। साथ ही दीक्षा एप के माध्यम से विद्यार्थी ग्रीष्म कालीन अवकाश में ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं।
डीआईओएस ने बताया कि विभाग की वेबसाइट पर यूट्यूब के लिंक भी दिए गए है। जिससे छात्र-छात्राएं अपनी कक्षा और विषय चुनकर ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। बताया कि यूट्यूब पर वीडियो के माध्यम से निपुण शिक्षकों द्वारा कठिन विषयों को भी सरल तरीके से समझाया गया है।