सिरसी(संभल)। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी में एक मैरिज हॉल में दुल्हन की विदाई के समय वीडियो बनाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दूल्हा भी घायल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई लोग हिरासत में लिए हैं। घायलों का उपचार कराया है।
देर रात तक जिम्मेदार लोग दोनाें पक्षाें के बीच समझौता कराने के लिए लगे रहे। हालांकि समझौता हो नहीं पाया। थाना प्रभारी का कहना है कि घायलों का उपचार कराया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जिला अमरोहा के जोया निवासी युवक की बरात सिरसी निवासी एक व्यक्ति के घर सोमवार को पहुंची थी। शाम के समय निकाह की रस्म होने के बाद विदाई चल रही थी। इसी दौरान बरातियों ने वीडियो बनाना शुरू किया तो कुछ लोगों ने विरोध किया। इसी बात पर मारपीट हो गई।
दुल्हन पक्ष के लोगों का आरोप है कि बरात में आए युवक शराब के नशे में थे और युवतियों का वीडियो बना रहे थे। जबकि दूल्हा पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि धक्का मुक्की के बाद मारपीट की गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।