गुन्नौर (संभल)। गांव रसूलपुर स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर बुधवार की रात विद्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह डीएम राजेंद्र पैंसिया विद्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी की। डीएम ने विद्यालय प्रशासन को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दोबारा शिकायत पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार की रात नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने हंगामा करते हुए कहा कि उन्हें शुद्ध भोजन और पानी नहीं मिल रहा है। इतना ही नहीं पर्याप्त मात्रा में पानी न मिलने की बात कही। कहा कि सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं लेकर विद्यार्थियों ने कई बार विद्यालय प्रशासन से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विद्यार्थियों के हंगामे की सूचना पर अभिभावक रात में ही विद्यालय पहुंचे, लेकिन गेट न खुलने पर वापस लौटना पड़ा।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे डीएम राजेंद्र पैंसिया व एसडीएम डॉ. वंदना मिश्रा के साथ पहुंचे। डीएम ने विद्यालय का निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं परखीं। करीब ढाई घंटे तक विद्यालय प्रशासन से वार्ता के बाद डीएम लौट गए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान फोर्स के साथ मौजूद रहे।
-
नवोदय विद्यालय में व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों की शिकायत पर विद्यालय प्रशासन से वार्ता की गई। विद्यालय प्रशासन को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुनरावृत्ति होने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - वंदना मिश्रा, एसडीएम गुन्नौर