संभल। अमर उजाला के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के तहत मंगलवार को राजकीय कन्या इंटर काॅलेज की छात्राओं ने संभल कोतवाली का भ्रमण किया। छात्राओं ने पुलिस की कार्यशैली कैसी होती है और शिकायत मिलने पर किस तरह एफआईआर दर्ज की जाती है, इसके बारे में जाना। इतना ही नहीं, किसी भी मामले की जांच किस तरह की जाती है, इसके बारे में भी जानकारी ली। महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क की जानकारी भी छात्राओं को दी गई।कोतवाली भ्रमण के दौरान एसएसआई संदीप बालियान और एसआई राखी सिंह ने छात्राओं के सवालों के जवाब दिए। एसएसआई संदीप बालियान ने कहा कि पुलिस महिलाओं के खिलाफ अपराध की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करती है। कहा कि किसी भी तरह के अपराध को लेकर आवाज उठानी है। अगर अपराध हो रहा है तो उसकी सूचना पुलिस को दी जाए, पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी। एसएसआई ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और 1076 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अगर इन नंबरों पर सूचना दी जाएगी तो पुलिस तुरंत एक्टिव होकर अपना काम शुरू कर देगी। इसके अलावा डायल 112 नंबर के बारे में भी छात्राओं को बताया।
उन्होंने छात्राओं को सिपाही, दरोगा, कोतवाल, सीओ, एएसपी, एसपी के काम के बारे में भी बताया। एसआई राखी सिंह ने कहा कि अगर छात्राएं स्कूल से घर लौट रही हैं और कोई उन्हें परेशान कर रहा है तो वह तुरंत ही डायल 112 नंबर पर सूचना दे सकती हैं। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा में सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के अपराध को लेकर चुप नहीं रहना है बल्कि उस अपराध के खिलाफ आवाज उठानी है। उन्होंने छात्राओं को पूर्ण आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया। इस दौरान काॅलेज की शिक्षिका हलीमा, नीतू सिंह, शिक्षक शशिकांत मौजूद रहे।