एसएम कॉलेज के छात्रों ने शनिवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्रवृत्ति दिलाए जाने की मांग की। छात्रवृत्ति नहीं मिलने पर रोष जताया गया है। प्राचार्य डा. जीपी राठी ने छात्रों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।
एसएम कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति नहीं आने पर रोष जाहिर किया गया है। सत्र समाप्त होने को है और छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी है। विद्यार्थियों के सामने आर्थिक संकट है। शिक्षण शुल्क जमा करने में विवश विद्यार्थी पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हैं।
एससी एसटी के विद्यार्थियों का दाखिला छात्रवृत्ति के आधार पर होने की बात कही गई। प्राचार्य से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर छात्रवृत्ति दिलाए जाने की मांग की गई। जिससे विद्यार्थी अपना अध्ययन बिना किसी रुकावट के पूरा कर सकें। रोहित यादव, अनमोल वार्ष्णेय, अनुराग वार्ष्णेय, निक्कू, लवित, सनी, ईशु, शानू, चिराग, अक्की, गुरदीप मौजूद रहे।