संभल। जब सीएम योगी आदित्यनाथ ने समर्थन कर दिया तो अब कहने को कुछ नहीं है। जब हमारी सरकार बनेगी तो जवाब दे देंगे। यह बातें संभल के सपा विधायक इकबाल महमूद ने सीओ अनुज चौधरी के बयान को लेकर कही है। विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
विधायक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सीओ को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए था, लेकिन जब सीएम ने ही सीओ के बयान का समर्थन कर दिया है तो आगे क्या कहना। आगे कहा कि जब हमारी सरकार बनेगी तो जवाब दे देंगे। सपा नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बयान पर विधायक ने कहा कि जेल में डलवाने की बात पर वह जानें उनकी सरकार आएगी तो उनका निर्णय होगा।
दरअसल छह मार्च को संभल कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक में सीओ अनुज कुमार ने कहा था कि जुमा साल में 52 बार आता है, होली एक बार आती है। इसलिए यदि मुस्लिम समुदाय का होली के रंग से धर्म भ्रष्ट होता है तो वह होली के दिन घर से न निकलें। या रंग कोई डाल दे तो बुरा न मानें। बड़ा दिल होना चाहिए। जिस तरह से मुस्लिम पूरे साल ईद का इंतजार करते हैं। वैसे ही हिंदू समुदाय के लोग होली के इंतजार में रहते हैं। इस दिन रंग लगाने के साथ ही गले मिलकर मिठाई खिलाकर होली की बधाई दी जाती है। आगे यह भी कहा था कि हिंदू समुदाय के लोगों को भी ख्याल रखना चाहिए कि वह उस व्यक्ति पर रंग न डालें जो बुरा मान सकता है। सीओ के इस बयान पर देशभर में बहस छिड़ी हुई है। इसी क्रम में सपा के विधायक ने बयान दिया है। अब सोशल मीडिया पर सपा विधायक का बयान वायरल हो रहा है।