संभल। विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी से सपा के प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क सिरसी में समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर सभा करने में फंस गए हैं। हजरतनगर गढ़ी पुलिस ने इसे कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन मानते हुए प्रत्याशी समेत 60-70 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसी मामले में दूसरी रिपोर्ट संभल कोतवाली पुलिस ने दर्ज की है।
संभल में भी जिया उर्रहमान बर्क के समर्थकों ने जुलूस निकालते समय आतिशबाजी छोड़ी थी। इससे कोरोना गाइडलाइन के साथ ही आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ। दरअसल, सपा के उम्मीदवार बनाए जाने के बाद शुक्रवार को जियाउर्रहमान बर्क अपने घर संभल पहुंचे थे। पहले सिरसी में कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन किया गया और फिर संभल में कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन हुआ। हजरतनगर गढ़ी थाने में प्रत्याशी को नामजद करते हुए 60-70 अज्ञात समर्थकों को आरोपी बनाया है। वहीं संभल कोतवाली पुलिस ने प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क, उनके समर्थक ईशा, रिजवान, तौकीर, सिकंदर व 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मुझे सपा से कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी बनाया है। शुक्रवार की रात को मैं अपने घर लौट रहा था। समर्थक उत्साहित हो गए और एकत्र हुए। सभी से कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए आग्रह किया था। पुलिस ने क्या रिपोर्ट दर्ज की है इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
जिया उर्रहमान बर्क, कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी